कवर्धा शहर में तेंदुए की दस्तक, स्नेहा क्लीनिक के पास मचा हड़कंप

कवर्धा। शहर के व्यस्ततम इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्नेहा क्लीनिक के पास एक तेंदुआ नजर आया। शहर के बीचों-बीच तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेंदुआ जंगल से भटककर शहर की ओर पहुंचा है। तेंदुए को शहर में देखे जाने की खबर कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर पहुंच गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया। DFO सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। टीम द्वारा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।

वन विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को घरों से अनावश्यक बाहर नहीं निकलने तथा तेंदुए के नजदीक जाने या उसे देखने के लिए भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी जा रही है। मौके पर जुटी भीड़ को भी वन विभाग की टीम द्वारा लगातार हटाया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू अभियान में किसी तरह की बाधा न आए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

About The Author