काले रंग के बैग में छिपाकर रखा था 10 किलो 98 ग्राम गाँजा, करीब 5 लाख रुपये का मादक पदार्थ एवं एक नग मोबाइल फ़ोन कीमती 10 हजार रुपये, कुल 05 लाख 10 हजार रुपये का मशरूका पुलिस ने किया बरामद।
कबीरधाम पुलिस की सतर्कता से मादक पदार्थ की बिक्री का प्रयास विफल।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक – 419/2026 धारा 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कार्यवाही कर भेजा गया सलाखों के भीतर।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने विश्वसनीय मुखबिर से प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए नया बस स्टेण्ड से छिरहा जाने वाले मार्ग पर यादव होटल के पास एक युवक को 10 किलो 98 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम
दिनांक 27.09.2026 को सिटी कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टेण्ड से छिरहा जाने वाले मार्ग पर यादव होटल के पास एक युवक काले रंग के बैग में बड़ी मात्रा में गाँजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर गवाहों एवं आवश्यक जांच सामग्री के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना होकर यादव होटल के पास पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की गई।
मौके पर मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के अनुसार एक युवक काले रंग का बैग लेकर सड़क किनारे खड़ा मिला, जो पुलिस टीम को देखकर अत्यंत चौंक गया और घबराने लगा। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रामू सिंह पिता नेम सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास करनौली, थाना छिबरामऊ नौगोई, जिला कन्नौज, उत्तरप्रदेश बताया।
बैग खोलते ही सामने आया गांजे का पैकेट
पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी कार्यवाही करने पर आरोपी के कब्जे में रखे काले रंग के Safari बैग के अंदर खाकी रंग की झिल्ली एवं टेप से लपेटा हुआ एक पैकेट मिला। पैकेट की जांच करने पर उसमें गाँजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया। आवश्यक पहचान एवं वैधानिक कार्यवाही के बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू से मादक पदार्थ का वजन किया गया, जो 10 किलो 98 ग्राम पाया गया।
आरोपी से उक्त मादक पदार्थ को रखने के संबंध में वैध अनुज्ञप्ति अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन आरोपी द्वारा किसी प्रकार का वैध लाइसेंस अथवा अनुज्ञप्ति होना नहीं बताया गया। इसके बाद पुलिस द्वारा गाँजा एवं अन्य सामग्री को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गाँजा एवं मोबाइल फोन सहित 5 लाख 10 हजार रुपये का मशरूका जप्त
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 98 ग्राम गाँजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये, तथा घटना में प्रयुक्त Oppo A6x मोबाइल फोन, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये, जप्त किया है।
जप्त मशरूका-
- गाँजा – 10 किलो 98 ग्राम, अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये।
- Oppo A6x मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये।
- कुल जप्त मशरूका – करीब 5 लाख 10 हजार रुपये।
गाँजा कहां से आया और कहां पहुंचाया जाना था, जांच जारी
प्रारंभिक कार्यवाही में आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में गाँजा बरामद होने के बाद पुलिस द्वारा मादक पदार्थ के स्रोत, इसके परिवहन एवं संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रकरण में अवैध मादक पदार्थ से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में ए.एन.टी.एफ. टीम कबीरधाम द्वारा पूछताछ की जा रही है। प्रकरण की अग्रिम विवेचना थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा जारी है।
एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध
आरोपी रामू सिंह पिता नेम सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी जिला कन्नौज, उत्तरप्रदेश के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गाँजा बरामद होने पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 419/2026, धारा 20(B) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। जिले में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी, सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए त्वरित कार्यवाही तथा मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
उक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में कबीरधाम जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा, ए.एन.टी.एफ. प्रभारी निरीक्षक श्री महेश प्रधान के नेतृत्व में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक श्री विरेन्द्र श्याम, सउनि सुरेश जायसवाल, आरक्षक 811 विजय शर्मा, आरक्षक 766 आशु तिवारी, आरक्षक 891 भूषण साहू, आरक्षक 709 संतोष बांधेकर सहित थाना स्टाफ एवं ए.एन.टी.एफ. पुलिस टीम से प्रधान आरक्षक वैभव कलचुरी, प्रधान आरक्षक विकास सिंह, आरक्षक सतीश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दो दिनों के भीतर कबीरधाम पुलिस के द्वारा अवैध मादक पदार्थ गाँजा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए, थाना चिल्फी और थाना कोतवाली में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर अवैध मादक पदार्थ गाँजा के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई है, साथ ही कुल- 27,63,000/-रुपये का अवैध मादक पदार्थ गाँजा एवं मशरूका भी जप्त किया गया है। साथ ही 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए थाना चिल्फी में 04आरोपियों को तथा थाना सिटी कोतवाली में 01 आरोपी कुल 05 आरोपियों को दो दिनों में सलाखों के भीतर पहुँचाया गया है।
